बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष बोले: "कांग्रेस के बनाए गलत जिलों को समाप्त करेंगे, 6-7 जिलों पर होगी कार्रवाई"

BJP Membership Campaign; Madan Rathore :भीलवाड़ा: भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि विपक्ष का काम मुद्दे उठाना है, लेकिन कांग्रेस के पास कोई ठोस मुद्दा नहीं है। उन्होंने कहा, "वह विपक्ष में हैं, तो कुछ न कुछ मुद्दे उठाना ही होगा, लेकिन उनके पास कुछ भी ठोस नहीं है। केवल विरोध के लिए विरोध कर रहे हैं। कमी ढूंढो, सही सुझाव दो, हम उसे स्वीकार करने के लिए तैयार हैं, लेकिन केवल विरोध का कोई आधार नहीं है।"



राठौड़ ने कांग्रेस की आलोचना करते हुए कहा कि विपक्ष केवल नकारात्मक राजनीति में लगा हुआ है और उनकी आलोचना किसी भी ठोस योजना या नीति पर आधारित नहीं है। "हम दूध पीते हैं, कसरत करते हैं, तो पड़ोसी की पेंट क्यों खराब होती है," इस तंज के साथ उन्होंने कांग्रेस की आलोचनाओं को बेबुनियाद बताया।

भाजपा की सदस्यता नीति पर राठौड़ की सफाई: "वेरिफिकेशन जरूरी, अवांछित लोगों को जगह नहीं"

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने सदस्यता प्रक्रिया को लेकर भी कड़े शब्दों में सफाई दी। उन्होंने कहा, "भाजपा में सदस्यता सिर्फ मिस्ड कॉल से नहीं मिलती। यह प्रक्रिया पूरी तरह से वेरिफिकेशन के बाद ही होती है। किसी भी अवांछित व्यक्ति को पार्टी का सदस्य नहीं बनाया जा सकता। सदस्यता का अधिकार पूरी तरह अध्यक्ष के पास सुरक्षित है।"

अशोक कोठारी की सदस्यता पर उन्होंने कहा कि हमें इसकी कोई आधिकारिक जानकारी नहीं है कि उन्होंने भाजपा की सदस्यता ली है या नहीं। "हमारे पास ऐसी कोई सूचना नहीं है, केवल सुना है। हम छानबीन करेंगे कि कौन-कौन भाजपा का सदस्य बना है।" उन्होंने यह भी कहा कि राजस्थान में लगभग 8 लाख नए सदस्य बने हैं, जिनकी जांच की जा रही है।

अशोक कोठारी का मामला: "सदस्यता देने का अधिकार हमारा"

निर्दलीय विधायक अशोक कोठारी के भाजपा की सदस्यता लेने के सवाल पर राठौड़ ने कहा, "सदस्यता देना या ना देना हमारा अधिकार है। केवल मिस्ड कॉल से कोई सदस्य नहीं बन जाता। अगर ऐसा होता तो कोई भी अवांछित व्यक्ति, यहां तक कि आतंकवादी भी, पार्टी का सदस्य बन सकता है। इसलिए सदस्यता का निर्णय सोच-समझकर लिया जाता है।"

राठौड़ ने इस बात पर जोर दिया कि भाजपा में सभी सदस्यों का वेरिफिकेशन किया जाता है और यह सुनिश्चित किया जाता है कि कोई भी अवांछित व्यक्ति पार्टी में प्रवेश न कर सके।



कई जिलों के गठन का विरोध: "कुछ जिलों का गठन तुष्टीकरण के लिए हुआ"

राठौड़ ने पूर्व कांग्रेस सरकार पर आरोप लगाया कि उसने केवल तुष्टीकरण की राजनीति के तहत कई जिलों का गठन किया था। उन्होंने कहा, "एक-एक विधानसभा क्षेत्र को जिला बना दिया गया, जिसका कोई तर्कसंगत आधार नहीं था। ऐसे जिलों की जनता में भी विरोध है, और हम इस मामले में ठोस कदम उठाएंगे।"

उन्होंने बताया कि पार्टी ने एक कमेटी बनाई है, जो इन जिलों का अध्ययन कर रही है, और उन जिलों को समाप्त करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी जो गैर-जरूरी हैं।

Comments