Baba Ramdev: जोधपुर। लोक देवता बाबा रामदेव के 639वें भादवा मेले की शुरुआत रुणिचा धाम रामदेवरा में ध्वजारोहण, मंगला आरती और स्वर्ण मुकुट धारण के साथ हुई। इस अवसर पर रुणिचा धाम बाबा के जयकारों से गूंज उठा। कलेक्टर गौरव अग्रवाल ने विधिवत रूप से मेले का शुभारंभ किया।
इस मौके पर विधायक महंत प्रतापपुरी और प्रशासनिक अधिकारियों ने श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं दीं। जिला कलेक्टर प्रताप सिंह, SP सुधीर चौधरी, विधायक महंत प्रतापपुरी, गादीपति राव भोम सिंह तंवर, प्रधान भगवत सिंह तंवर, नपा अध्यक्ष मनीष पुरोहित और सरपंच समंदर सिंह तंवर भी मौजूद रहे।
मेला भादवा शुक्ल पक्ष की द्वितीया से लेकर पूर्णिमा तक चलेगा। अनुमानित 50 से 70 लाख श्रद्धालु इस दौरान रुणिचा धाम रामदेवरा पहुंचेंगे।
सुरक्षा की दृष्टि से, पुलिस कमिश्नर राजेंद्र सिंह के निर्देशन में चाक-चौबंद व्यवस्थाएं की गई हैं। सादा वस्त्रों में भी सुरक्षा कर्मी तैनात हैं और सीसीटीवी कैमरों से निगरानी रखी जा रही है। मेला स्थल पर एक कंट्रोल रूम भी स्थापित किया गया है। संभागीय आयुक्त प्रतिभा सिंह जोधपुर और रामदेवरा की व्यवस्थाओं पर लगातार नजर रख रही हैं।

Comments
Post a Comment