नेता प्रतिपक्ष ने भाजपा सरकार में सामाजिक सुरक्षा पेंशन पर क्यों उठाया सवाल? जानिए क्या हैं कारण

 OppositionCriticism: जयपुर। CM भजनलाल शर्मा द्वारा सामाजिक सुरक्षा पेंशन बढ़ाकर 1150 रुपए करने के बावजूद, 90.30 लाख लाभार्थियों को पिछले 3 महीने 10 दिनों से पेंशन नहीं मिली है। यह राशि बुजुर्गों, दिव्यांगों, एकलनारी महिलाओं और वरिष्ठ किसानों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। कई लाभार्थी विभागों और जिला कार्यालयों के चक्कर काट रहे हैं।



राज्य सरकार ने हर महीने इस पेंशन योजना के लिए 1000 करोड़ रुपए से अधिक का बजट आवंटित किया है, लेकिन जून, जुलाई और अगस्त का बजट अभी तक जारी नहीं किया गया है। सरकार का दावा है कि सितंबर माह तक की पेंशन राशि जल्द जारी कर दी जाएगी।

नेता प्रतिपक्ष ने उठाई आवाज: "सरकार ने वंचितों को ठेस पहुंचाई"

नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को पत्र लिखकर आरोप लगाया है कि सरकार ने सामाजिक सुरक्षा पेंशन रोककर वंचितों को ठेस पहुंचाई है। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के समय पेंशन 500 रुपए थी, जिसे कांग्रेस सरकार ने बढ़ाकर 1000 रुपए किया था।

एसीएस का आश्वासन: "एक हफ्ते में अटकी पेंशन जारी होगी"

सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के एसीएस कुलदीप रांका ने आश्वासन दिया है कि तीन महीनों की अटकी हुई पेंशन एक हफ्ते में जारी कर दी जाएगी। बढ़ी हुई पेंशन का लाभ भी जल्द लाभार्थियों को मिलेगा और अक्टूबर से पेंशन नियमित रूप से वितरित की जाएगी।

खाद्य सुरक्षा योजना में भी संकट: ई-केवाईसी की अंतिम तिथि बढ़ी

खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले मंत्री सुमित गोदारा ने घोषणा की है कि 82.55 लाख लोगों ने अभी तक ई-केवाईसी नहीं कराई है, जिनके नाम 1 नवंबर से राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना से हटा दिए जाएंगे। ई-केवाईसी की अंतिम तिथि 31 अक्टूबर तक बढ़ा दी गई है।

राज्य में योजना के तहत 4 करोड़ 46 लाख 61 हजार लोगों को जोड़ा जा सकता है, लेकिन अब तक 4.43 करोड़ नाम ही जुड़ चुके हैं। 1.20 लाख लोगों के नाम पहले ही सूची से हटा दिए गए हैं। आयकर रिटर्न भरने वाले और चार पहिया वाहन मालिकों के नाम भी हटाए जाएंगे। स्थानीय स्तर पर बनाई गई कमेटी की अनुशंसा पर नाम फिर से जोड़े जा सकेंगे।

Comments