फर्जी आवंटन पत्र का पर्दाफाश! क्या जयपुर के राजपरिवार की संपत्ति पर हो रही है साजिश?

 Jaipur Estate Controversy: जयपुर। पूर्व राजपरिवार ने आरोप लगाया है कि कुछ लोगों ने नगर निगम अधिकारियों के साथ मिलीभगत कर उनकी प्रॉपर्टी पर कब्जा कर लिया है। इस संबंध में सिटी पैलेस के प्रशासनिक अधिकारी सिद्धार्थ सिंह ने माणक चौक थाने में राधा मोहन सहित चार लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। विवादित संपत्ति गोविंद देव मंदिर के पास कमलगट्टा कॉलोनी में स्थित है, जो सिटी पैलेस से लगभग एक किलोमीटर की दूरी पर है।



फर्जी दस्तावेज के जरिए कब्जे की कोशिश

एफआईआर में आरोप लगाया गया है कि इन लोगों ने सवाई भवानी सिंह के नाम से फर्जी आवंटन पत्र बनवाकर संपत्ति पर कब्जा करने की कोशिश की। सिटी पैलेस के अनुसार, नगर निगम अधिकारियों की मिलीभगत से षडयंत्रपूर्वक फर्जी कागजात तैयार किए गए। सीआई गुरू भूपेंद्र ने बताया कि इस संपत्ति पर पहले नगर निगम द्वारा अनाधिकृत ठेले और टीन शेड डाले गए थे, जिन्हें सिटी पैलेस ने हटवाया था।

संपत्ति पर कब्जे के लिए फर्जी आवंटन-पत्र की कहानी

सिद्धार्थ सिंह के अनुसार, 7 सितंबर 2024 को कुछ लोग इस संपत्ति पर आए और फर्जी दस्तावेज दिखाए। उन्होंने 2010 के विक्रय पत्र और अन्य फर्जी दस्तावेज प्रस्तुत किए, जिनमें प्लॉट संख्या 7, कमलगट्टा कॉलोनी का उल्लेख था। दस्तावेज में कर्नल सवाई भवानी सिंह द्वारा आवंटन का दावा किया गया, लेकिन ऐसा कोई आवंटन पत्र कभी जारी नहीं हुआ।

नगर निगम अधिकारियों पर साजिश का आरोप

सिटी पैलेस का दावा है कि नगर निगम अधिकारियों ने जानबूझकर इन लोगों के साथ मिलकर संपत्ति पर कब्जा करने की साजिश रची।

Comments